इंडोनेशियाई पनडुब्बी 53 लोगों के साथ समुद्र में लापता

Thursday 22 Apr 2021 राष्ट्रीय

खोज अभियान जारी

 
जकार्ता, 22 अप्रैल (हि.स.)। इंडोनेशियाई पनडुब्बी 53 लोगों के साथ समुद्र में बाली द्वीप के पास लापता हो गई है। इसकी जानकारी सेना ने दी है। इंडोनेशियाई नौसेना तलाशी अभियान में जुटी है। इंडोनेशिया के सेना प्रमुख हादी जहजंतो ने बताया कि केआरआई नानग्गला 402 बुधवार को एक प्रशिक्षण अभियान में भाग लेने के दौरान लापता हो गई। उन्होंने कहा कि पनडुब्बी बाली के उत्र में करीब 95 किलोमीटर दूर समुद्र में गायब हुई है। नौसेना ने इसकी तलाश के लिए जंगी पोत उतारे हैं। इसके साथ ही इसकी खोज में सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया से मदद ली जा रही है। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार नौसेना का मानना है कि पनडुब्बी समुद्र तल में 700 मीटर की गहराई में डूब गई है। जर्मनी में बनी यह पनडुब्बी 1980 के दशक से सेवा में हैं और गुरुवार को होने वाले मिसाइल दागने के अभ्यास के लिये तैयारी कर रही थी। जिसमें सेना प्रमुख व अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारी शामिल होने वाले थे। इंडोनेशियाई नौसेना के बेड़े में अभी पांच पनडुब्बी है।

Related Post