ये प्रधानमंत्री के नेतृत्व का कमाल है: नड्डा

Wednesday 11 Nov 2020 राष्ट्रीय

 
नई दिल्ली, 11 नवम्बर (हि.स.)। बिहार विधानसभा में बहुमत पाने के साथ ही अनेक राज्यों में हुए उपचुनावों के परिणाम भारतीय जनता पार्टी के लिए जबरदस्त उत्साह लेकर आए हैं। आधी रात तक बिहार विधानसभा के जो परिणाम घोषित हुए हैं और जो रुझान हैं उनसे साफ है कि बिहार में एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार बनने जा रही है। इस बार भाजपा गठबंधन सरकार का सबसे बड़ा दल होगा। वहीं मध्य प्रदेश के उपचुनावों के परिणामों से शिवराज सरकार को पूर्ण बहुमत मिल गया है। उत्तर प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक और तेलंगाना के विधानसभा उपचुनावों में भी बाजी भाजपा के हाथ लगी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, केन्द्र सरकार के कामों और कार्यकर्ताओं के परिश्रम को दिया। जेपी नड्डा ने पार्टी की जीत पर सबको बधाई देते हुए कहा कि इस जनादेश के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हार्दिक अभिनंदन करता हूँ। उनके नेतृत्व में भारत वास्तव में वैश्विक शक्ति के रूप में प्रतिष्ठित होगा जहां समृद्धि, सुरक्षा और सबके लिए आगे बढ़ने के समान अवसर होंगे। चाहे बिहार विधानसभा चुनाव हों या फिर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, मणिपुर व तेलंगाना के उप-चुनाव, समग्र राष्ट्र ने प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याण नीतियों में अपना अटूट विश्वास बनाए रखा है और जनता का प्रधानमंत्री पर भरोसा और दृढ़ हुआ है। यह चुनाव परिणाम उसके परिचायक हैं। भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि कोविड महामारी के कठिन समय में जब देश संघर्षों एवं चुनौतियों से जूझ रहा था, तब यह मोदी सरकार ही थी जिसने गरीबों और जरूरतमंदों की मदद के लिए हर संभव कदम उठाये और मुफ्त राशन के साथ-साथ उन्हें आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई। यह मानवता की सेवा का अनुपम उदाहरण था। लोगों ने एक प्रकार से सरकार के कार्यों पर मुहर लगाई है। जेपी नड्डा ने कहा कि बिहार ने निर्णायक रूप से वंशवाद, भ्रष्टाचार व विभाजनकारी राजनीति को खारिज कर दिया है। बिहार के मतदाताओं ने न केवल भारतीय जनता पार्टी और एनडीए को वोट दिया है बल्कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जारी विकास यात्रा में अपना विश्वास भी व्यक्त किया है। भाजपा अध्यक्ष ने बिहार की जनता को स्पष्ट जनादेश देने के लिए बधाई देते हुए कहा कि नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में विकास की गति तेज कर हम बिहार की जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे। इसके साथ ही भाजपा अध्यक्ष ने मध्य प्रदेश में भाजपा की जीत के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तर प्रदेश में जीत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी बधाई दी।

Related Post