कोरोना के 80 प्रतिशत मामले 6 राज्यों से

Monday 22 Mar 2021 राष्ट्रीय

अकेले महाराष्ट्र से 65 प्रतिशत

 
नई दिल्ली, 22 मार्च (हि.स.)। देश में कोरोना के मामले एक बार फिर बढ़ने लगे हैं और इसमें से 80 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और मध्य प्रदेश से हैं। कुल दैनिक मामलों में अकेले 65 प्रतिशत महाराष्ट्र से हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान महाराष्ट्र में 30,533 यानी कुल मामलों का 65.03 प्रतिशत सामने आए हैं। इसके बाद पंजाब और केरल का नाम आता है, जहां 2,644 और 1,875 नए मामले सामने आए हैं। मंत्रालय के अनुसार हाल के दिनों में कुछ राज्यों में कोरोना के आंकड़ों में तेजी से इजाफा देखा गया है। इसमें आठ राज्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पंजाब, मध्य प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक और हरियाणा प्रमुख हैं। इन राज्यों में कुल जांच और सकारात्मक रिपोर्ट का प्रतिशत चार से अधिक है। महाराष्ट्र में जांच किए जाने वाले मामलों में से कुल 13.93 प्रतिशत सकारात्मक पाए गए हैं, वहीं गुजरात में यह आंकड़ा 2.92 प्रतिशत रहा है। भारत में वर्तमान में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 3,34,646 है। यह कुल मामलों का 2.87 प्रतिशत है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान इस आंकड़े में 25,559 मामले जुड़े हैं। कोरोना की दैनिक सकारात्मक दर (पॉजिटिव रेट) वर्तमान में 3.70 प्रतिशत है। आठ राज्य हैं, जिनका पॉजिटिव रेट राष्ट्रीय औसत से अधिक है। इसमें हरियाणा, गुजरात, मध्य प्रदेश, गोवा, पुडुचेरी, पंजाब, चंडीगढ़ और महाराष्ट्र शामिल हैं।

Related Post