जेईई और नीट के पाठ्यक्रम में कोई बदलाव नहीं : शिक्षा मंत्रालय

Wednesday 20 Jan 2021 शिक्षा

छात्रों के पास इस बार दोनों ही परीक्षाओं में सवालों के जवाब देने के लिए विकल्प भी मिलेगा

 
नई दिल्ली, 20 जनवरी (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में प्रवेश के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) और चिकित्सा संस्थानों में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के पाठ्यक्रम में इस साल कोई बदलाव नहीं किया गया है। इतना ही नहीं छात्रों के पास इस बार दोनों ही परीक्षाओं में सवालों के जवाब देने के लिए विकल्प भी मिलेगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने कहा कि वर्ष 2021 के लिए जेईई और नीट के पाठ्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। हालांकि पिछले वर्ष के विपरीत इस वर्ष उम्मीदवारों के पास जेईई और नीट परीक्षाओं के सवालों के जवाब देने का विकल्प होगा। जेईई (मेन 2021) के लिए पाठ्यक्रम पिछले वर्ष की भांति समान रहेगा लेकिन छात्रों को 90 प्रश्नों (भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित के 30-30 प्रश्न) में से 75 प्रश्नों (भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित के 25-25 प्रश्न) का उत्तर देने का विकल्प दिया जाएगा। जेईई (मेन) 2020 में 75 सवाल दिए गए थे जिनमें से उम्मीदवारों को सभी (भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित के 25-25 प्रश्न) का जवाब देना था। नीट (यूजी) 2021 के लिए सही-सही पैटर्न की घोषणा नहीं की गई है। देशभर में कुछ बोर्डों द्वारा पाठ्यक्रम में कटौती को देखते हुए नीट (यूजी) 2021 के प्रश्नपत्र में जेईई (मेन) की तर्ज पर विकल्प होंगे।

Related Post