फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप रद्द, भारत को मिली 2022 की मेजबानी

Wednesday 18 Nov 2020 खेल

 
नई दिल्ली,18 नवंबर (हि.स.)। विश्व फुटबॉल की नियामक संस्था फीफा ने कोरोना महामारी के कारण भारत में खेले जाने वाले अंडर-17 महिला विश्व कप को रद्द कर दिया है। साथ ही भारत को 2022 की मेजबानी का अधिकार भी सौंप दिया गया है। बता दें कि इससे पहले कोरोना वायरस के कारण इस टूर्नामेंट को 2021 के लिए स्थगित किया गया था। फीफा ने एक बयान में कहा, अंडर-17 महिला और अंडर-20 महिला विश्व कप को आगे के लिए स्थगित करने में असमर्थता के कारण कोविड-19 के लिये गठित फीफा परिसंघ कार्य समूह की सिफारिशों पर दोनों आयु वर्ग के 2020 चरण को रद्द करने के साथ ही आयोजकों को अगले आयोजन का अधिकार दिया गया है। फीफा परिसंघ कोविड-19 कार्य समूह ने सभी हितधारकों से सलाह लेने के बाद अंडर-17 महिला विश्व कप के साथ ही अंडर-20 महिला विश्व कप 2020 को भी रद्द कर दिया दोनों विश्व कप का अगला आयोजन 2022 में होगा जिसकी मेजबानी मौजूदा मेजबान देशों के पास रहेगी। बयान में कहा गया, टूर्नामेंट के 2022 संस्करणों के बारे में फीफा और संबंधित मेजबान सदस्य संघों के बीच आगे के परामर्श के बाद ब्यूरो ने कोस्टा रिका को फीफा अंडर -20 महिला विश्व कप 2022 और भारत को फीफा महिला अंडर-17 विश्व कप 2022 की मेजबानी सौपी है।

Related Post