इतिहास के पन्नों मेंः 01 अप्रैल

Thursday 01 Apr 2021 अनुसंधान

इतिहास के पन्नों मेंः

 
नई दिल्ली, 01 अप्रैल (हि.स.)। एक अप्रैल को आमतौर पर मूर्ख दिवस के रूप में लिया जाता है। फ्रांस से शुरू हुई यह परंपरा आज भी मान्य है लेकिन इतिहास के पन्नों में यह तारीख कई दूसरी अहम घटनाओं का गवाह रही है। इसके खाते में देश-दुनिया की ढेरों घटनाएं दर्ज हैं। इन घटनाओं में भारत में रिजर्व बैंक की स्थापना और अमेरिकी कंपनी एप्पल इंक की स्थापना भी शामिल है। रिजर्व बैंक की स्थापनाः भारत में पहली अप्रैल 1935 को रिजर्व बैंक की स्थापना हुई। इसकी स्थापना में डॉ. भीमराव आम्बेडकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। देश की आजादी के बाद पहली जनवरी 1949 को इसका राष्ट्रीयकरण किया गया। यह देश के सभी बैंकों का संचालन करता है और यह भारतीय अर्थव्यवस्था को नियंत्रित करता है। इस केंद्रीय बैंकिंग प्रणाली के दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नै में क्षेत्रीय कार्यालय हैं। स्थापना काल में इसका केंद्रीय कार्यालय कलकत्ता में था लेकिन 1937 में स्थायी रूप से इसे बम्बई स्थानांतरित कर दिया गया। एप्पल इंक की स्थापनाः पहली अप्रैल 1976 में कैलिफोर्निया में स्टीव जॉब्स ने अपने साथियों स्टीव वोज्निएक और रोनाल्ड वेन के साथ कंप्यूटर कंपनी एप्पल इंक की स्थापना की। शुरू में इसके नाम के साथ कंप्यूटर शब्द भी जुड़ा था, जिसे 2007 को हटा लिया गया। स्टीव जाब्स ने पहला आईफोन बाजार में उतारा। इस कंपनी से जुड़ी कामयाबियों ने इसे दुनिया की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी के रूप में प्रतिष्ठित किया और फोन निर्माण के क्षेत्र में यह दूसरे स्थान पर है। अन्य प्रमुख घटनाएंः 1582- फ्रांस में मूर्ख दिवस मनाने की शुरुआत। 1793- जापान में ज्वालामुखी फटने से लगभग 53 हजार लोगों की मौत। 1839- बीस बेड के साथ कोलकाता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की शुरुआत। 1869- आयकर की शुरुआत। 1882- डाक बचत बैंक प्रणाली की शुरुआत। 1889- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव राव बलीराम हेडगेवार का जन्म। 1930- विवाह के लिए लड़कियों की न्यूनतम उम्र 14 और लड़कों के लिए 18 वर्ष निर्धारित की गयी। 1935- इंडियन पोस्टल ऑर्डर की शुरुआत। 1936- उड़ीसा राज्य की स्थापना। इसे बिहार से अलग कर बनाया गया। 1969- तारापुर में देश के पहले परमाणु बिजलीघर ने काम करना शुरू किया। 1973- भारत के जिम कार्बेट नेशनल पार्क में बाघ संरक्षण परियोजना की शुरुआत। 1976- टेलीविजन के लिए अलग निगम की स्थापना कर उसे दूरदर्शन का नाम दिया गया। 1978- भारत की छठी पंचवर्षीय योजना की शुरुआत। 1979- ईरान इस्लामी गणराज्य बना। 2004- गूगल ने जीमेल की घोषणा की।

Related Post