इंडोनेशियाई नौसैनिकों के मरने से पहले गाया फेयरवेल सांग का वीडियो वायरल

Wednesday 28 Apr 2021 राष्ट्रीय

नौसैनिक इंडोनेशियाई सैंपई जम्पा नाम का हिट इंडोनेशियाई गीत गा रहे हैं।

 
जकार्ता, 28 अप्रैल (हि. स.)। इंडोनेशियाई नौसेना की समुद्र में डूबी पनडुब्बी केआरआई नांगला 402 का एक वीडियो जारी किया गया है। इसमें पनडुब्बी में नौसैनिकों के फेयरवेल गीत गाते हुए दिल को छू लेने वाला दृश्य दिखाई दे रहा है। यह वीडियो इस हादसे से करीब एक सप्ताह पहले शूट किया था। नौसैनिक इंडोनेशियाई सैंपई जम्पा नाम का हिट इंडोनेशियाई गीत गा रहे हैं। एक युद्धाभ्यास से पहले पिछले बुधवार को टॉरपीडो ड्रिल के दौरान इंडोनेशियाई नौसेना की पनडुब्बी केआरआई नंगला बाली के नजदीक समुद्र में गायब हो गई थी। चार दिनों बाद रविवार को नौसेना ने इस पनडुब्बी के डूबने की पुष्टि करते हुए सभी 53 नौसैनिकों के मारे जाने की खबर दी थी। वायरल हो रहे वीडियो में पनडुब्बी के कमांडर हेरी ओक्टेवियन अपने क्रू मेंबर्स के साथ गिटार बजाते दिख रहे हैं। इंडोनेशियाई नौसेना के प्रवक्ता डिजवारा विहेंबो ने बताया कि केआरआई नंगला के नौसैनिकों ने यह गीत नेवी सबमरीन कॉप्स के कमांडर के विदाई के लिए रिकॉर्ड किया था। उन्हें क्या पता था कि यह उन सभी के लिए अंतिम गीत होगा। नौसेना ने डूबी हुई पनडुब्बी से अपने नौसैनिकों के शवों को निकालने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। पनडुब्बी 800 मीटर की गहराई में डूबी हुई है। इस पनडुब्बी को विशेष उपकरणों की सहायता से नौसैनिकों के शवों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। राष्ट्रपति जोको विडोडो ने डूबी पनडुब्बी के क्रू मेंबर्स को सर्वश्रेष्ठ देशभक्त बताते हुए उनके परिवारों को सरकारी सहायता देने का ऐलान किया है। इसमें नौसैनिकों के बच्चों की पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद भी शामिल है।

Related Post