उत्तराखंडः पहाड़ों पर बर्फबारी, केदारनाथ के पट आज से बंद

Monday 16 Nov 2020 राष्ट्रीय

 
उप्र और उत्तराखंड के सीएम केदारनाथ में फंसे देहरादून, 16 नवम्बर (हि.स.)। उत्तराखंड में चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जनपदों तथा अन्य ऊंचाई वाले पर्वतीय इलाकों में आज बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश हो रही है। इसके साथ ही तापमान तेजी से गिरने के कारण इन इलाकों में ठंड बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत भी बर्फबारी के बीच केदारनाथ में फंस गए हैं। सोमवार से केदारनाथ के पट बंद हो गए हैं और उनकी डोली रवाना हो गयी है। उत्तरकाशी, रुदप्रयाग और चमोली के ऊंचाई वाले इलाकों में आज सुबह जब लोग सोकर उठे तो उन्होंने चौतरफा बर्फबारी का आलम देखा। उत्तरकाशी में मां यमुना का शीतकालीन प्रवास नारायणपुरी खरसाली सोमवार को बर्फ की सफेद चादर से ढका हुआ है। आज ही यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने हैं। आज ही मां यमुना अपने शीतकालीन स्थल पर विधिवत पूजा अर्चना के साथ मंदिर में प्रवेश करेंगी। कुदरत ने मां यमुना के स्वागत के लिए नारायणपुरी खरसाली को चारों तरफ से बर्फ की सफेद चादर से ढक दिया है। दरअसल नारायण पुरी खरसाली में बीती देर रात से बर्फबारी का सिलसिला जारी है। हालांकि ग्रामीण बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बीच शीतकालीन मंदिर में मां यमुना के दर्शन के लिए काफी आतुर दिख रहे हैं। उत्तरकाशी जिले में रविवार रात्रि को ऊंचाई वाले क्षेत्रों मे बर्फबारी जबकि निचले क्षेत्रों झमाझम बारिश हो रही है। काफी समय बाद हुई बारिश से वनों मे लगी आग बुझ गई है। चमोली जिले में बीती रात से ही वर्षा और बर्फबारी से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। बदरीनाथ धाम सहित ऊंचाई वाले स्थानों पर तेज बर्फबारी हो रही है। वर्षा और बर्फबारी के चलते लोग घरों के अंदर दुबकने को मजबूर हो गये हैं। चमोली जिले के बदरीनाथ, हेमकुंड, औली, गौरसौं, नीलकंड, त्रिशुली, आली बुग्याल आदि स्थानों पर जमकर बर्फबारी हो रही है।

Related Post