गणतंत्र दिवस पर चर्चा में क्यों आया उदयपुर के इन बुजुर्गों का घर

Tuesday 26 Jan 2021 राष्ट्रीय

इस बुजुर्ग दम्पती ने अपने तन-मन के साथ घर को भी तिरंगे में रंग दिया है

 
उदयपुर, 26 जनवरी (हि.स.)। देश मंगलवार को 72वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। पूरा देश तिरंगे के रंग में रंग रहा है। जगह-जगह तिरंगा फहरा रहा है। लेकिन, इसी बीच उदयपुर के एक बुजुर्ग दम्पती का घर चर्चा में आ गया है। देशवासियों के तन-मन में तो तिरंगा बसा ही है, लेकिन उदयपुर में इस बुजुर्ग दम्पती ने अपने तन-मन के साथ घर को भी तिरंगे में रंग दिया है। उन्होंने कोरोना काल में तिरंगी दीपावली मनाई थी और गणतंत्र दिवस पर घर को फिर से तिरंगी छटा से चमका दिया है। गणतंत्र दिवस से पहले आसपड़ोस सहित उधर से गुजरने वाले अनजान लोग भी घर के बाहर खड़े होकर सेल्फी ले रहे हैं और सोशल मीडिया पर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाओं के साथ फोटो शेयर कर रहे हैं। तिरंगे में रंगा यह घर उदयपुर शहर से सलूम्बर जाने वाले मार्ग पर तीतरड़ी में स्थित है। बुजुर्ग दम्पती का कहना है कि उन्होंने दीपावली से पहले दो माह तक धीरे-धीरे थोड़ा-थोड़ा करके घर को तिरंगे रंग में रंगा। गणतंत्र दिवस आते ही जहां कहीं रंग फीका पड़ा था, उसे फिर चमका दिया है। होमगार्ड रह चुके देवीलाल साहू सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहते हैं कि लोगों के मन में देशभक्ति की भावना और मजबूत हो, इसी के मद्देनजर उन्होंने ऐसा रंग करने का सोचा। वे होमगार्ड भी रह चुके हैं इसलिए तिरंगे को वर्दी में सैल्यूट करने का सौभाग्य और तिरंगे के नीचे परेड करने का सौभाग्य भी उन्हें कई बार मिला है। उन्होंने और उनकी पत्नी ने मिलकर अपने घर में रंग भरे। दस साल पहले सेवानिवृत्त हुए देवीलाल ने यही कामना व्यक्त की कि हर देशवासी तिरंगे को आत्मसात करें। बुजुर्ग लक्ष्मी देवी ने बताया कि 2 महीने धीरे-धीरे करके दोनों ने घर को रंगा। यह अपने देश का रंग है। जो भी हो, इन बुजुर्ग के घर के बाहर एक पेड़ भी है, उसके तने को भी उन्होंने तिरंगे से रंगा है। पशुधन के लिए पौ भी बनी हुई है, उसे भी उन्होंने रंगा है। आते-जाते हर व्यक्ति के लिए यह घर आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है।

Related Post