महिला पायलटों ने देश को किया गौरवान्वित : राहुल

Monday 11 Jan 2021 राष्ट्रीय

महिला पायलटों का कमाल

 
नई दिल्ली, 11 जनवरी (हि.स.)। एअर इंडिया की महिला पायलटों की एक टीम ने दुनिया के सबसे लंबे हवाई मार्ग उत्तरी ध्रुव (नॉर्थ पोल) पर उड़ान भरकर कीर्तिमान रचा है। उनकी इस उपलब्धि पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आपसके साहस ने देश को गौरवान्वित किया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को ट्वीट कर कहा कि “उत्तरी ध्रुव पर सैन फ्रांसिस्को से बेंगलुरु तक एयर इंडिया की सबसे लंबी उड़ान पूरी करने के लिए सभी-महिला कॉकपिट क्रू को बधाई। आपने देश को गौरवान्वित किया है।” केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने ट्वीट में लिखा, "भारतीय नागरिक उड्डयन के महिला पेशेवर द्वारा रचा गया इतिहास खुश होने और जश्न मनाने का मौका है। हमारी नारी शक्ति ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मैं कैप्टन जोया अग्रवाल, कैप्टन पपगारी थनमई और कैप्टन आकांक्षा सोनवरे को उत्तरी ध्रुव पर उड़ान पर सैन फ्रांसिस्को से बेंगलुरु तक पहुंचने के लिए हार्दिक बधाई देता हूं।" राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महिला पायलटों की बहादुरी को सलाम करते हुए उनकी इस ऐतिहासिक सफलता को शानदार उपलब्धि बताया है। उल्लेखनीय है कि एयर इंडिया का एआई 176 विमान सोमवार तड़के बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। इसका संचालन कैप्टन जोया अग्रवाल ने किया था, जिनकी सहायता कैप्टन शिवानी मन्हास, पापगारी थनमई और आकांक्षा सोनवरे ने की। चालक दल ने अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को से उड़ान भरने के बाद उत्तरी ध्रुव से होते हुए बेंगलुरु तक की यात्रा की। इस दौरान करीब 16,000 किलोमीटर की दूरी तय की गई। एक महिला-चालक दल के साथ ऐसा करने वाली यह पहली उड़ान बन गई है।

Related Post