टूटे पैर से ममता ने किया भाजपा के सभी सूरमाओं को क्लीन बोल्ड

Sunday 02 May 2021 राष्ट्रीय

तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ

 
कोलकाता, 02 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सरकार की हैट्रिक बननी तय हो गई है। शाम 4:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार तृणमूल कांग्रेस 292 में से 210 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने की ओर बढ़ती दिख रही है। जबकि भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में रुझान व परिणाम 76 जा पहुंचे। माकपा-कांग्रेस गठबंधन महज एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है और एक निर्दलीय उम्मीदवार जीत की ओर बढ़ रहे हैं। भाजपा के लिए बंगाल विधानसभा चुनाव बेहद खास था। इस चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अपने पूरे लाव लश्कर के साथ पूरी ताकत झोंक दी थी। वही एक अकेली महिला ने अपने टूटे पैर से सभी दिग्गजों को क्लीन बोल्ड कर दिया। एक रैली के दौरान जब ममता बनर्जी को चोट लगी, तो इसका आरोप उन्होंने भाजपा पर लगाया। इसके बाद वे अपने टूटे पैर के साथ व्हीलचेयर पर बैठ कर चुनावी रैलिया करती रहीं। वे अपने मजबूत इरादों से देश के सबसे पसंदीदा नेता को चुनौती देती रहीं। माना जा रहा है कि उनके टूटे पैर लेकिन मजबूत इरादों से बंगाल की राजनीति में उनकी पकड़ और मजबूत होती गई। पिछले 10 सालों से वे बंगाल में एकछत्र राज करती रहीं। इस दौरान बंगाल में कोई उन्हें चुनौती नहीं दे सका। लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में नतीजों ने ममता के लिए खतरे की घंटी बजा दी थी। लोकसभा में 18 सीटें जीतकर भाजपा ताकतवर प्रतिद्वंदी के तौर पर उभरी। साथ ही अपनी आक्रामक रणनीति से भाजपा ने दीदी की नाक में दम भी कर दिया। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव इस बार मोदी बनाम ममता बन गया था। भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव प्रचार में भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से लेकर केन्द्रीय गृह मंत्री शाह, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ सहित कई बड़े नेताओं व केंद्रीय मंत्रियों को मैदान में उतार दिया था। 2024‌ के आम चुनाव में विपक्ष मुख्य चेहरा बन सकती हैं ममता अब जब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री की चुनाव रणनीति पर भारी साबित हो गई हैं। ममता ने अपने खेला होबे और बाहरी बनाम भीतरी जैसे नारों को हथियार बनाया, जो बंगाल में बंगाली वोटों के ध्रुवीकरण का कारण बना। बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी की जीत के बाद ममता बनर्जी अब मोदी और भाजपा के खिलाफ विपक्ष का बड़ा चेहरा बन गईं हैं। राजनीतिज्ञों का मानना है कि 2024 के आम चुनाव में ममता अगर विपक्ष का मुख्य चेहरा बनें को आश्चर्य नहीं होगा। यह कहना गलत नहीं होगा कि दीदी ने खुद के दम पर सभी को इस चुनावी मैदान में मात दे दी है।

Related Post